सभी हिंदवासियों और विश्वभर के सभी हिंदीप्रेमियों को हिन्दी दिवस (14 सितंबर) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ!
समस्त भारतवासियों की भावनाओं को अभिव्यक्त करने वाली जनभाषा, शासन-प्रशासन की दृष्टि से राजभाषा, राष्ट्र की एकता के आधार-रूप में राष्ट्रभाषा और देश की सबसे बड़ी संपर्क भाषा के रूप में हिंदी का अन्यतम महत्व है।
हालांकि भारत भाषाई विविधता की भूमि है। यह विविधता हमारी ताकत भी है और चुनौती भी। इस विविधता में भी जो भाषा देश को एक सूत्र में बांधने का काम कर रही है, वह है हिंदी। इस तरह हिंदी देश की सबसे लोकप्रिय और सहज भाषा है।
वर्तमान में हिंदी भाषा के महत्व और उसकी बढ़ती प्रासंगिकता को नकारा नहीं जा सकता। हिंदी न केवल हमारी इतिहास, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान की अभिव्यक्ति का माध्यम है, बल्कि यह आर्थिक, तकनीकी और सामाजिक बदलावों का एक सशक्त माध्यम भी बन चुकी है। यह देश को जोड़ने में एक मजबूत सेतु का काम करती है। इस प्रकार “हिंदी हिंद की संस्कृति की संवाहक और धरोहर है।”
आज व्यापार, वाणिज्य तथा उद्योग जगत में हिंदी जानने वालों की मांग तेजी से बढ़ रही है। मीडिया, विज्ञापन, अनुवाद, और प्रकाशन के क्षेत्र में हिंदी ने रोजगार के नए द्वार खोले हैं। डिजिटल और सोशल मीडिया तथा एआई के दौर में हिंदी कंटेंट का प्रयोग और सृजन बहुत बढ़ गया है। बॉलीवुड, संगीत, और प्रवासी भारतीयों के माध्यम से हिंदी का वैश्विक प्रसार लगातार हो रहा है।
कुल मिलाकर हिंदी भाषा की प्रगति संतोषप्रद है और इसका भविष्य उज्जवल है। यह सभी हिंदी भाषाप्रेमियों के लिए गर्व की बात है। इसी गर्व और गरिमा के साथ आज हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी को संवैधानिक रूप से राष्ट्रभाषा और विश्व भाषा बनाने के संकल्प के साथ सकारात्मक प्रयास-पथ पर चल पड़ें।
पुनः आपको हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ!
जय हिंद! जय हिन्दी!
No comments:
Post a Comment