Saturday, August 1, 2026

मुंशी प्रेमचंद: हिंदी वाङ्मय में मानवीय संवेदनाओं के अद्वितीय और अनमोल साहित्यकार

 

मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को सादर स्मरण व नमन स्वरूप:

मुंशी प्रेमचंद: हिंदी वाङ्मय में मानवीय संवेदनाओं के अद्वितीय और अनमोल साहित्यकार 

"सोने और खाने का नाम ज़िंदगी नहीं है। अन्याय में सहयोग देना, अन्याय करने के ही समान है और आत्मसम्मान की रक्षा हमारा सबसे पहला धर्म है।"

            आज 31 जुलाई को हिंदी और उर्दू साहित्य के महान कथाकार, युगप्रवर्तक उपन्यासकार तथा संवेदनशील कहानीकार और हिंदी साहित्य में 'उपन्यास सम्राट' के रूप में प्रतिष्ठित मुंशी प्रेमचंद उर्फ़ धनपत राय (वास्तविक नाम) उर्फ़ 'नवाब राय' (प्रारंभ में इस नाम से लेखन) की 146 वीं जयंती पर उनकी स्मृति को सादर स्मरण व नमन।

            हिंदी साहित्य के अद्वितीय रचनाकार, हिन्दी हृदय सम्राट तथा ग्रामीण जीवन के सफल चितेरे मुंशी प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से भारतीय समाज के यथार्थ, किसानों की पीड़ा, सामाजिक विषमता, स्त्री की स्थिति, जातिगत भेदभाव, शोषण तथा मानवीय मूल्यों को अत्यंत संवेदनशीलता और प्रामाणिकता के साथ चित्रित किया। उनकी रचनाओं में आदर्श और यथार्थ का संतुलित समन्वय दिखाई देता है, जो पाठकों को सामाजिक चेतना और नैतिक प्रेरणा प्रदान करता है। उनके प्रमुख उपन्यासों में 'गोदान', 'गबन', 'निर्मला', 'सेवासदन', 'रंगभूमि' और 'कर्मभूमि' तथा 'ईदगाह', 'पूस की रात', 'कफन', 'नमक का दरोगा', 'दो बैलों की कथा' और 'पंच परमेश्वर'  जैसी कहानियाँ आज भी हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं।

            मानवीय संवेदनाओं के अमर साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद ने समाज के अंतिम व्यक्ति के दुःख, संघर्ष और शोषण को अपनी लेखनी का केंद्र बनाया। उन्होंने अपनी कालजयी रचनाओं के माध्यम से भारतीय समाज के यथार्थ, ग्रामीण जीवन की पीड़ा, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को अमर स्वर प्रदान किया है। आज जब समाज तीव्र आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, तब प्रेमचंद का साहित्य हमें संवेदनशीलता, सामाजिक न्याय, समानता, नैतिकता और मानवीय गरिमा का महत्व समझाता है। उनकी रचनाएँ ग्रामीण भारत की चुनौतियों, शिक्षा, स्त्री-सशक्तीकरण, सामाजिक समरसता तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देती हैं। वे यह संदेश भी देती हैं कि वास्तविक विकास तभी सार्थक है, जब उसमें मानवीय संवेदनाएँ, नैतिक मूल्य और सामाजिक उत्तरदायित्व समान रूप से समाहित हों। इसी कारण मुंशी प्रेमचंद का साहित्य केवल अपने समय का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी सामाजिक चेतना और लोकमंगल का कालजयी मार्गदर्शक है।

            मुंशी प्रेमचंद का साहित्य भारतीय समाज का जीवंत दस्तावेज़ और आज भी मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साहित्य को केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज-जागरण और परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया। साथ ही, न्याय, समानता तथा करुणा के मूल्यों को अपनी लेखनी के केंद्र में रखा। इसीलिए उनकी रचनाएँ समय की सीमाओं से परे जाकर प्रत्येक युग में समान रूप से प्रासंगिक बनी हुई हैं। उनकी जयंती हमें साहित्य की सामाजिक भूमिका और मानवीय मूल्यों के प्रति पुनः समर्पित होने की प्रेरणा देती है।

            हिंदी वाङ्मय के अनमोल साहित्यकार, भारतीय ग्रामीण समाज के संवेदनशील कथाकार तथा मानवीय मूल्यों के सशक्त पैरोकार मुंशी प्रेमचंद की पुण्यस्मृति को पुनः सादर नमन।ऐसे महान साहित्य-मनीषी के अप्रतिम साहित्यिक योगदान, आदर्श व्यक्तित्व और अमूल्य विरासत के प्रति हम अपनी विनम्र श्रद्धांजलि एवं हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उनकी लेखनी से प्रस्फुटित मानवीय चेतना, लोकमंगल की भावना और सामाजिक सरोकार आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।